अगले तीन दिन फिलहाल ठंड से कोई राहत नहीं

मौसम वैज्ञानिक कैलाश पांडे ने बताया कि जम्मू कश्मीर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। इसके 22- 23 जनवरी तक गोरखपुर पहुंचने की संभावना है। इसके चलते जिले में बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान भी दिन का तापमान 16 से 19 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

गोरखपुर में न्यूनतम तापमान में मंगलवार की तुलना में करीब तीन डिग्री बढ़ोतरी के बावजूद बुधवार को भी ठंड का सितम बरकरार रहा। ऊपरी वायुमंडल में कोहरे की वजह से दिन भर सूरज का दर्शन नहीं हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। बृहस्पतिवार सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं। वहीं शुक्रवार भी मौसम का यही हाल रहने की संभावना है।

पछुआ हवा की रफ्तार थोड़ी कम होने से मंगलवार की तुलना में बुधवार को न्यूनतम तापमान करीब तीन डिग्री बढ़कर 9.2 डिग्री पहुंच गया। अधिकतम तापमान 13 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार की सुबह भी घने कोहरे के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ निचले वायुमंडल का कोहरा थोड़ा छंट गया।

मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि भले ही न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो जाए लेकिन, आने वाले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड बरकरार रहेगी। अधिकतम तापमान 16 तो न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

250 Views